टेढ़ागाछ (किशनगंज): विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड के किसानों को कृषि सामग्री खरीदने में भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। प्रखंड में बिहार राज्य सहकारी विपणन संघ लिमिटेड (बिस्कोमान) का कृषक सेवा केन्द्र न होने के कारण किसान और आमजन दोनों ही आवश्यक सामग्री खुले बाजार से महंगे दामों में खरीदने को विवश हैं।
स्थानीय किसानों का कहना है कि खुले बाजार में न केवल उर्वरक और बीज महंगे मिलते हैं, बल्कि उनकी गुणवत्ता भी संदिग्ध होती है।
इस कारण फसल का उत्पादन प्रभावित होता है, जिससे किसानों की आय में भी गिरावट आती है। साथ ही, आमजनों को खाद्य सामग्री एवं अन्य आवश्यक वस्तुएं ऊँचे दामों पर खरीदनी पड़ती हैं। जिला परिषद सदस्या इमरत आरा ने कहा कि कृषकों और ग्रामीणों की मांग है कि टेढ़ागाछ प्रखंड में अविलंब बिस्कोमान कृषक सेवा केन्द्र की स्थापना की जाए, जिससे उचित मूल्य पर उच्च गुणवत्ता की सामग्री आसानी से उपलब्ध हो सके। इससे न केवल किसानों को राहत मिलेगी, बल्कि कृषि उत्पादन और आम लोगों की जीवनशैली में भी सुधार आएगा।

किसानों में माया नंद मंडल कृष्ण प्रसाद सिंह खुशी लाल मंडल दयानंद ठाकुर ब्रह्म प्रसाद सिंह रामनाथ सिंह ,बालेश्वर यादव, प्रेमलाल मंडल सोहनलाल सिंह, इंद्र लाल शर्मा,मनोज कुमार, राशिद आलम,अनिरुद्ध प्रसाद शाह, मिन्हाज आलम, उद्यानंद मंडल, विनय प्रसाद सिंह, जगदीश प्रसाद सिंह ने कहां कि स्थायी बिस्कोमान भवन की स्थापना इस क्षेत्र के लिए बेहद जरूरी है, जिससे किसानों को समय पर खाद-बीज, कीटनाशक और कृषि उपकरण मिल सकें। इससे आत्मनिर्भर खेती को बढ़ावा मिलेगा और सरकारी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंच पाएगा। प्रशासन और बिस्कोमान प्रबंधन से अनुरोध है कि इस मांग पर गंभीरता से विचार कर टेढ़ागाछ में कृषक सेवा केन्द्र की स्थापना शीघ्र की जाए।