बेटे की मौत के बाद पिता का रो रो कर बुरा हाल
किशनगंज /सागर चन्द्रा
जिले के जीयापोखर थाना क्षेत्र स्थित नयनभीट्टा गांव में एक युवक की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो जाने का मामला सामने आया है। बुधवार सुवह कद्दूभीट्टा गांव निवासी 30 वर्षीय लक्ष्मण महतो पिता ईश्वर महतो का शव उसके ससुराल से चंद कदम दूर बांसझाड़ के निकट स्थित आम के पेड़ से लटका मिला। हालांकि उसके गले में फांसी का फंदा नहीं लगाया गया था।
सिर्फ रस्सी को उसके टुड्ढी में फंसा कर ऊपर खींच दिया गया था। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के पिता अपने सगे संबंधियों के साथ रोते बिलखते हुये नयनभीट्टा गांव पहुंचे। शव को देखते ही परिजनों का शक गहरा गया। परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंची जीयापोखर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। वहीं पोस्टमार्टम कराने के लिए सदर अस्पताल पहुंचे मृतक के पिता ईश्वर महतो का रो रो कर बुरा हाल हो रहा था। अपने एकमात्र कमाऊ बेटे की मौत ने उन्हें बुरी तरह से झकझोर कर रख दिया था। उन्होंने बताया कि लक्ष्मण पेशे से राजमिस्त्री था। बाप बेटा मेहनत मजदूरी कर अपनी गृहस्थी आराम से चला रहे थे।
एक माह पूर्व लक्ष्मण अपने ससुराल में पक्का मकान निर्माण के लिए चला गया था। लेकिन बुधवार को अचानक उसके मौत की जानकारी मिली। ईश्वर महतो ने कहा कि हत्यारे ने बेटे की हत्या कर शव को रस्सी से लटका दिया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिये जाने की मांग की।