किशनगंज /सागर चन्द्रा
पोठिया थाना क्षेत्र में मानवीय रिश्ते को तार तार कर देने वाली घटना घटित हुई है। जहां चचेरा देवर अपनी भाभी को लेकर फरार हो गया। हालांकि पीड़ित पति के द्वारा केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने अपहृत महिला को बरामद कर लिया। लेकिन आरोपी को गिरफ्तार करने में पुलिस नाकाम रही। गुरुवार को पुलिस ने सदर अस्पताल में पीड़िता का मेडिकल जांच कराया। जानकारी के अनुसार पीड़िता का प्रेमसंबंध शादी के पूर्व से ही पोठिया थाना क्षेत्र निवासी युवक के साथ था।
लेकिन इस बीच उसकी शादी आरोपी के चाचा के साथ हो गई। इस दौरान वह दो बच्चों की मां भी बन गई। इसके बावजूद भी दोनों का रिश्ता कायम रहा। जबकि पीड़िता का पति अपने परिवार का भरणपोषण करने के लिए बाहर चला गया। वह कभी कभार घर आता था और पत्नी को रुपये देकर वापस काम पर चला जाता था। जिसका फायदा उठाकर दोनों अक्सर मिला करते थे।
ग्रामीणों के द्वारा घटना की जानकारी दिये जाने के बाद पति घर वापस लौटा और पत्नी को समझाने का भरपूर प्रयास किया। इसके बावजूद भी गत 16 मार्च को पीड़िता अपने दोनों बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ फरार हो गई।
पीड़ित पति की लिखित शिकायत पर पोठिया थाना में कांड संख्या 78/23 दर्ज कर लिया गया। मामले की जांच कर रही पुलिस ने गुप्त सूचना पर छापेमारी कर पीड़िता को बरामद कर लिया। जबकि आरोपी देवर की तलाश की जा रही है।
नोट :फोटो साभार इंटरनेट