किशनगंज /सागर चन्द्रा
दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर ससुराल वालों के द्वारा दुधमुंही बच्ची को छीनकर महिला को घर से निकाल देने का मामला सामने आया है। घटना से हैरान और परेशान महिला बुधवार को न्याय की गुहार लगाने महिला थाना पहुंची। जहां ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के फारामारी तैयबपुर निवासी संगीता कुमारी की लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार संगीता की शादी दो वर्ष पूर्व फुलवारी इस्लामपुर निवासी मलीन पाल पिता सुरज मोहन पाल के साथ हुई थी।
शादी के वक्त संगीता के मायके वालों ने उसके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए बाइक, सोने व चांदी के आभूषण सहित कई अन्य कीमती सामान उपहार स्वरूप दिये थे। लेकिन बेटी के जन्म लेने के साथ ही पति और ससुराल वाले दो लाख रुपये की मांग कर उसे शारिरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। लेकिन मायके की आर्थिक स्थिति से भलीभांति परिचित पीड़िता ने जब दहेज मांग कर लाने से साफ इंकार कर दिया तो पति और ससुराल वालों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। इतना ही नहीं संगीता की गोद से उसकी दुधमुंही बेटी को भी छीन लिया। घटना के बाद पीड़िता ने अपने मायके में शरण ले ली और बुधवार को इंसाफ की गुहार लगाने महिला थाना पहुंच गई।