किशनगंज :ईद के मद्देनजर डीएम ने किया दंडाधिकारियो को संबोधित,दिए अहम निर्देश

बेहतर न्यूज अनुभव के लिए एप डाउनलोड करें

विधि-व्यवस्था संधारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता, जिला प्रशासन दृढ़संकल्पित

किशनगंज /प्रतिनिधि

ईद-उल-फितर का त्योहार शांतिमय वातावरण में सम्पन्न कराने एवं विधि-व्यवस्था संधारण हेतु श्रीकांत शास्त्री जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक डॉ इनाम उल हक़ द्वारा संयुक्त आदेश जारी किया गया है। ईद-उल-फितर, 2023 त्योहार के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु जिले के 193 स्थानों पर दण्डाधिकारियों, सशस्त्र बल एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है।

किशनगंज नगर परिषद क्षेत्रांतर्गत 05 गश्ती दल दंडाधिकारी भ्रमणशील रहेंगे तथा 42 स्टैटिक दंडाधिकारी विभिन्न प्वाइंट पर तैनात रहेंगे। जिला अंतर्गत ईद त्योहार हेतु प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी दिनांक 21.04.2023 के पूर्वा0 से दिनांक 24.04.2023 तक स्थिति सामान्य होने तक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।

किशनगंज जिला में 22 अप्रैल को ईद मनाए जाने की संभावना है।चांद के दृष्टिगोचर अनुसार परिवर्तन संभावित है।

इस परिपेक्ष्य में ईद का त्योहार शांतिमय वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु सभी प्रतिनियुक्ति मजिस्ट्रेट,पुलिस पदाधिकारी की ब्रीफिंग रचना भवन में तथा बीडीओ/सीओ के साथ समीक्षा वीसी के माध्यम से डीएम के द्वारा की गई। मौके पर एसडीएम और एसडीपीओ भी मौजूद रहे।

एसडीएम,सभी दंडाधिकारी,प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचल अधिकारी/थानाध्यक्ष/ओ0पी0 अध्यक्ष, किशनगंज जिला को निर्देश दिया गया है कि असामाजिक तत्वों द्वारा शांति व्यवस्था भंग नहीं होने के लिए जिले के सभी संवेदनशील स्थानों पर सतत् निगरानी एवं गश्ती करना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही, असमाजिक तत्वों की गतिविधि पर कड़ी नजर रखेंगे। विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाये रखने हेतु सभी आवश्यक एवं एहतियाती कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि क्षेत्रान्तर्गत विधि-व्यवस्था के सम्पूर्ण प्रभार में रहकर शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाये रखने हेतु भ्रमणशील रहकर सभी आवश्यक एवं एहतियाती कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे। क्षेत्र में भ्रमणशील रहने के साथ-साथ किसी भी प्रकार की असमाजिक गतिविधि से अवगत होने पर उचित कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे। ईद-उल-फितर का त्योहार-2023 के अवसर पर विधि-व्यवस्था के सम्पूर्ण वरीय प्रभार में अनुज कुमार अपर दंडाधिकारी-सह-अपर समाहर्त्ता एवम एपीएस चौहान, पुलिस उपाधीक्षक (मु0) रहेंगे।

पल-पल की गतिविधियों से अवगत रहने हेतु समाहरणालय में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गयी है, जिसका दूरभाष संख्या-06456225152 है। जिला नियंत्रण कक्ष के प्रभार में अभिनय भास्कर,वरीय उप समाहर्त्ता रहेंगे। नियंत्रण कक्ष दिनांक 21.04.2022 से 23.04.2022 तक कार्यरत रहेगा। नियंत्रण कक्ष में पालीवार पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है।

जिला नियंत्रण कक्ष के लिए सशस्त्र बल एवं लाठी बल आदि की प्रतिनियुक्ति की गयी है। साथ ही, 14 सुरक्षित दंडाधिकारी की भी प्रतिनियुक्ति की गयी है। आपात स्थिति से निपटने हेतु नियंत्रण कक्ष में अग्निशाम दस्ता, विद्युत व्यवस्था, बज्रवाहन की प्रतिनियुक्ति,चिकित्सा व्यवस्था आदि उपलब्ध की गयी है।

डीएम ने कहा कि इस अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु संयुक्त आदेश द्वारा 193 स्थलों को चिन्हित कर आवश्यकतानुसार दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों व पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। समाहरणालय में 24×7 जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। जिला नियंत्रण कक्ष में तीन पालियों में एक एक दंडाधिकारी और 14 सुरक्षित दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

थानाध्यक्ष एवं सभी पदाधिकारी आसूचना तंत्र को सुदृढ़ रखेंगे ताकि किसी भी तरह के अफवाह को फैलने से रोका जा सके। सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी *नमाजियों के वापस जाने तक* अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर मुस्तैद रहेंगे।

किसी भी प्रकार के अफवाहों का खंडन त्वरित गति से करने का निर्देश दिया गया है। ईद पर्व शांति, सौहार्द तथा उल्लास के साथ सम्पन्न कराने हेतु साम्प्रदायिक कट्टर तथा अराजक व्यक्तियों पर निगरानी रखते हुए स्थानीय शांति समिति के लोगों की सहायता लेने का निर्देश दिया गया है।

अनुमंडल पदाधिकारी क्षेत्र अन्तर्गत सभी नागरिकों, धार्मिक स्थानों के संबंधितों एवं अन्य को पूरी जानकारी से अवगत करायेंगे। इसका अक्षरशः अनुपालन करते हुए ईद-उल-फितर त्योहार-2023 शांतिमय वातावरण में सम्पन्न कराने एवं विधि-व्यवस्था बनाये रखने हेतु सभी आवश्यक एवं एहतियाती कार्रवाई करना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

इस अवसर पर अपर समाहर्त्ता- सह – अपर जिला दण्डाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी ,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

[the_ad id="71031"]

किशनगंज :ईद के मद्देनजर डीएम ने किया दंडाधिकारियो को संबोधित,दिए अहम निर्देश

error: Content is protected !!