किशनगंज /सागर चन्द्रा
टाउन थाना पुलिस ने लूट मामले के फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस विगत दो वर्षों से बालूचुक्का निवासी आरोपी मो.जमील पिता शेख आलम की तलाश कर रही थी। लेकिन वह लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। आखिरकार एएसआई संजय यादव ने उसे गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को सदर अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
बताते चलें कि गत 10 अप्रैल 2020 को व्यवसायी मनोज महेश्वरी बंगाल के धरमपुर स्थित किराना दुकान को बंद कर अपनी कार से घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बिहार बंगाल सीमा पर पूर्व से पीछा कर रहे स्कार्पियो और बाइक सवार पांच बदमाशों ने कार को ऑवरटेक कर रूकने के लिए मजबूर कर दिया।
मनोज जबतक कुछ समझ पाता तबतक बदमाशों ने उसपर पिस्टल तान दिया और रुपयों भरा थैला छीनकर बंगाल की दिशा में फरार हो गया था। घटना के बाद पीड़ित के लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई थी। पुलिस ने मामले में संलिप्त मुस्तफा सहित अन्य आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन जमील पुलिस को लगातार चकमा दे रहा था।

