किशनगंज /ठाकुरगंज /प्रतिनिधि
ठाकुरगंज नगर स्थित वार्ड नंबर 4 आदिवासी टोला (कॉलोनी) में भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव गुप्ता की अध्यक्षता में भारत गणराज्य की 15वी व देश की प्रथम आदिवासी आदिवासी महिला श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनने पर बधाई समारोह कार्यक्रम रखा गया। इस बधाई कार्यक्रम में आदिवासी समाज बढ़-चढ़कर भाग लिया एवं एक दूसरे को मिठाई खिलाकर व गुलाल लगाकर बधाइयां दी। बताते चलें कि आज द्रौपदी मुर्मू देश की 15वीं महामहिम बन गई हैं, उन्हें सीजेआई एनवी रमण ने राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाई। राष्ट्रपति ने अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा- मैं प्रेसिडेंट बनी, यह लोकतंत्र की महानता है।
भारत में गरीब सपने देख सकता है और उन्हें पूरा भी कर सकता है। युवाओं और महिलाओं को मैं खास विश्वास दिलाती हूं। अनेक बाधाओं के बावजूद मेरा दृढ़ संकल्प मजबूत रहा। उन्होंने आगे बताया- भारत के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर निर्वाचित करने के लिए मैं सभी सांसदों और सभी विधानसभा सदस्यों का हार्दिक आभार व्यक्त करती हूं। आपका मत देश के करोड़ों नागरिकों के विश्वास की अभिव्यक्ति है।
राष्ट्रपति के पद तक पहुंचना, मेरी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, यह भारत के प्रत्येक गरीब की उपलब्धि है। उनके मुताबिक, “मेरे लिए बहुत संतोष की बात है कि जो सदियों से वंचित रहे, जो विकास के लाभ से दूर रहे, वे गरीब, दलित, पिछड़े तथा आदिवासी मुझ में अपना प्रतिबिंब देख रहे हैं। मेरे इस निर्वाचन में देश के गरीब का आशीर्वाद शामिल है, देश की करोड़ों महिलाओं और बेटियों के सपनों और सामर्थ्य की झलक है।” कार्यक्रम का संचालन करते हुए भाजपा नगर उपाध्यक्ष आशालता हेंब्रम ने कहा कि राष्ट्रपति पद का चुनाव जीतने के बाद द्रौपदी मुर्मू भारत की 15वीं राष्ट्रपति पद की शपथ ले ली है. वह देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति हैं. द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति बनने पर आदिवासी समाज में खुशी का माहौल है। कार्यक्रम उपस्थित वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुर्मू जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि द्रौपदी मुर्मू ने साल 1997 में राइरंगपुर नगर पंचायत के पार्षद चुनाव में जीत दर्ज कर अपने राजनीतिक जीवन का आरंभ किया था। उन्होंने भाजपा के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के उपाध्यक्ष के रूप में कार्य किया है। साथ ही वह भाजपा की आदिवासी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य भी रहीं है।
द्रौपदी मुर्मू ओडिशा के मयूरभंज जिले की रायरंगपुर सीट से 2000 और 2009 में भाजपा के टिकट पर दो बार जीती और विधायक बनीं। द्रौपदी मुर्मू मई 2015 में झारखंड की 9वीं राज्यपाल बनाई गई थीं, उन्होंने सैयद अहमद की जगह ली थी। झारखंड की पहली महिला राज्यपाल बनने का खिताब भी द्रौपदी मुर्मू के नाम रहा। साथ ही वह किसी भी भारतीय राज्य की राज्यपाल बनने वाली पहली आदिवासी भी हैं।
द्रौपदी मुर्मू ने 24 जून 2022 में अपना नामांकन किया, उनके नामांकन में पीएम मोदी प्रस्तावक और राजनाथ सिंह अनुमोदक बने। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजय पोद्दार,, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष बिजली सिंह, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला अध्यक्ष मुकेश हेंब्रम, भाजपा नेता डोमन टुडू, अनिल महराज, नगर उपाध्यक्ष जनश्रुति कुमार, नगर महामंत्री संदीप शर्मा, हरी पंडित, मंडल टुडू, साहेब सोरेन, बादल कुंडू सहित सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता गण उपस्थित थे।