किशनगंज :डीएम श्रीकांत शास्त्री ने नवनियुक्त राजस्व कर्मचारियों को औपबंधिक नियुक्ति पत्र किया प्रदान 

बेहतर न्यूज अनुभव के लिए एप डाउनलोड करें

जिलाधिकारी ने शुभकामनाएं देते हुए लोकहित में काम करने का दिया निर्देश 

किशनगंज /प्रतिनिधि 

 जिलाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री ने बिहार कर्मचारी चयन आयोग, पटना द्वारा आयोजित प्रथम इंटर स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2014 में राजस्व कर्मचारी के पद पर अनुशंसित 44 अभ्यर्थियों को औपबंधिक नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। बिहार कर्मचारी चयन आयोग द्वारा अनुशंसित 51 सफल अभ्यर्थियों की सूची राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग बिहार द्वारा प्राप्त हुई थी, जिनमें से 45 अभ्यर्थी काउंसलिंग में उपस्थित एवं सफल हुए थे। 6 अभ्यर्थी अनुपस्थित थे। इन्हें वेतनमान 5200-20200, ग्रेड पे-1900 (सप्तम वेतनमान में लेवल 2) में औपबंधिक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान की गई।

 सामान्य प्रशासन विभाग से प्राप्त निर्देशों का अनुपालन करते हुए अनुशंसित अभ्यर्थियों के सभी मूल प्रमाण पत्र यथा शैक्षणिक एवं अन्य प्रमाण पत्रों, बिहार कर्मचारी चयन आयोग द्वारा निर्गत प्रवेश पत्र इत्यादि के जांचोपरांत संतुष्ट होने के पश्चात जिलाधिकारी द्वारा 44 औपबंधिक नियुक्ति पत्र निर्गत किया गया। एक अभ्यर्थी के नियुक्ति पत्र को तकनीकी कारण से विचाराधीन रखा गया है।

इस अवसर पर अपर समाहर्त्ता अनुज कुमार,डीसीएलआर – सह – प्रभारी पदाधिकारी राजस्व शाखा, श्री आफाक अहमद,डीपीआरओ रंजीत कुमार,अंचलाधिकारी ,किशनगंज,पोठिया,ठाकुरगंन सहित राजस्व शाखा के कर्मी एवं नवनियुक्त राजस्व कर्मचारी उपस्थित थे।

अभ्यर्थियों के औपबंधिक योगदान के 3 महीने के अंदर इनके प्रमाण पत्रों का सत्यापन कराकर ही नियुक्ति पत्र की सम्पुष्टि निर्गत की जानी है। किसी भी अभ्यर्थी का प्रमाण पत्र गलत पाए जाने पर उनकी नियुक्ति रद्द कर दी जाएगी एवं नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। औपबंधिक नियुक्ति पत्र का आदेश जारी होने के 15 दिनों के अंदर अभ्यर्थियों को अपना योगदान अपर समाहर्त्ता(राजस्व) के समक्ष करते समय वांछित मूल कागजातों की मूल प्रति एवं इनकी स्वअभिप्रमाणित छाया प्रति समर्पित करना अनिवार्य होगा। इन कागजातों में पहचान पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, सिविल सर्जन द्वारा निर्गत स्वास्थ्य प्रमाण पत्र, विवाह में दहेज नहीं लेने देने से संबंधित शपथ पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, पूर्व में नियोजित/पदस्थापित कार्यालय से अनापत्ति प्रमाण पत्र इत्यादि शामिल हैं। निर्धारित अवधि तक योगदान नहीं करने पर इनका दावा समाप्त समझा जाएगा।

  इस अवसर पर जिलाधिकारी ने नवनियुक्त राजस्व कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपसे जिले को बहुत सी अपेक्षाएं हैं। लंबे समय से राजस्व कर्मचारियों के बहाली का इंतजार हो रहा था।युवा राजस्व कर्मचारी के रहने से आम जनता को सहूलियत होनी चाहिए एवं उनकी समस्याओं का समाधान होना चाहिए।

   मौके पर जिलाधिकारी ने जिला की भौगोलिक जानकारी दी तथा यहां की प्राकृतिक खूबसूरती और विशेषता को बताया।किशनगंज जिला को गेट वे ऑफ़ नॉर्थ ईस्ट बताया और यहां के लोगो के बीच गंगा जमुनी तहजीब,रहन सहन के साथ आनंदमय  वातावरण की जानकारी दी।

गौरतलब हो कि नवनियुक्त राजस्व कर्मचारी लंबी प्रक्रिया के बाद चयनित होकर आए हैं। सरकारी सेवक के रूप में इन्हें अपने दायित्वों का निर्वहन समान रूप से करना होगा,भले ही वह अलग अलग पृष्ठभूमि से आए हैं। जिलाधिकारी ने उन्हें पूरी सत्यनिष्ठा के साथ काम करने का निर्देश देते हुए कहा कि कैरियर में आगे बढ़ने के लिए ऐसा करना जरूरी है।राजस्व कर्मचारी के गलत प्रतिवेदन से माननीय उच्च न्यायालय एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों के समक्ष भी मामला उपस्थित होता है।अतः आपसे अपेक्षा की जाती है कि पूरी ईमानदारी के साथ कार्य करेंगे। 

 नियुक्ति पत्र वितरण के समय राजस्व कार्यों की प्रणाली से अपर समाहर्त्ता(राजस्व)अनुज कुमार,डीसीएलआर आफाक अहमद ने रु ब रू कराया और प्रशिक्षण शिविर में रुचि लेकर जानकारी प्राप्त करने का परामर्श दिया।

उल्लेखनीय है कि राजस्व कर्मचारियों को प्रारंभिक प्रशिक्षण भी दिया जाना है, ताकि योजनाओं की प्रविष्टि एवं कार्यों के विषय में जानकारी प्राप्त हो सके। बाद में सरकार द्वारा निर्धारित अवधि का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व कर्मचारी का पद स्थानांतरणीय होता है, इसलिए नौकरी का महत्व समझते हुए मन लगाकर काम करें। राजस्व कर्मचारी और जनता के बीच प्रत्यक्ष संबंध रहे। कर्मचारियों की संख्या बढ़ने से राजस्व व्यवस्था में सुधार आना चाहिए। सरकार द्वारा एक एक कर्मचारी के कार्यों की समीक्षा होती है, अतः कार्यों में कोताही न बरती जाए।

 नवनियुक्त राजस्व कर्मचारियों को संबोधित करते हुए डीसीएलआर ने कहा कि सत्य निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ काम करें ताकि आपके आने से कामों में प्रगति दिखे। सारा काम सीखना है। यहां तक कि बाढ़, आपदा के समय में भी संपादित किए जाने कार्यों के बारे में जानकारी लेनी है। राजस्व शाखा के प्रभारी पदाधिकारी ने विभागीय कार्यों के संबंध में उन्हें जानकारी देते हुए बताया कि आधारभूत दायित्वों के संबंध में जानकारी प्राप्त करने के लिए विभिन्न अधिनियम से संबंधित पुस्तकों को क्रय करें एवं इनका गहन अध्ययन करें। 

इस अवसर पर अपर समाहर्त्ता,अनुज कुमार ने कहा कि राजस्व कर्मचारियों के आने से कार्यों में सुधार परिलक्षित होगा। भूमि विवाद मामले, न्यायाधीन मामले के निस्तारण इत्यादि के संबंध में इन कर्मचारियों के ऊर्जा का उपयोग होगा। जनता की समस्याओं के लिए निराकरण भी त्वरित तरीके से हो सकेगा।

[the_ad id="71031"]

किशनगंज :डीएम श्रीकांत शास्त्री ने नवनियुक्त राजस्व कर्मचारियों को औपबंधिक नियुक्ति पत्र किया प्रदान 

error: Content is protected !!