बिहार :केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बेगूसराय में लिया कोरोना का टीका,कहा दुर्भाग्य है कि विपक्ष इमरान खान और चीन की बोल रहा है भाषा

बेहतर न्यूज अनुभव के लिए एप डाउनलोड करें

बिहार /बेगूसराय

केंद्रीय पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य पालन मंत्री गिरिराज सिंह ने अपने संसदीय क्षेत्र बेगूसराय के सदर अस्पताल में शुक्रवार को कोरोना का वैक्सीन लिया। सिविल सर्जन डॉ. विनय कुमार झा, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. हरेराम कुमार एवं अस्पताल अधीक्षक डॉ. आनंद शर्मा की मौजूदगी में जीएनएम स्वाति श्री से वैक्सीन लेने के बाद उन्हें प्रधानमंत्री का फोटो युक्त प्रमाण पत्र भी दिया गया।

मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि भारत में बना यह वैक्सीन आत्मनिर्भर भारत की पहचान है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के वैज्ञानिकों द्वारा बने इस वैक्सीन की सराहना डब्ल्यूएचओ सहित पूरी दुनिया कर रही है। अपने को एडवांस समझने वाला चीन भी वैक्सीन बनाने के मामले में काफी पीछे रह गया, विपक्ष को इस मामले में देश के वैज्ञानिकों की तारीफ करनी चाहिए।






उन्होंने कहा करीब एक सौ देशों को भारत वैक्सीन दकर मदद कर रहा है। हमारा मूल सिद्धांत है सर्वे भवंतु सुखिनः-सर्वे संतु निरामया-वसुधैव कुटुंबकम, उसी सिद्धांत के तहत पूरी दुनिया में सबको भारत वैक्सीन देकर मदद कर रहा है। कुछ लोग कहते थे कि यह वैक्सीन मैं नहीं लूंगा, यह बीजेपी का वैक्सीन है। लेकिन यह बीजेपी का नहीं देश का वैक्सीन है, इसे देश के वैज्ञानिकों ने बनाया है बीजेपी ने नहीं।

श्री सिंह ने कहा अखिलेश यादव हो या राहुल गांधी, जो लोग कल तक गाली देते थे वह भी वैक्सीन चुपचाप लेंगे, गरीब को भ्रम में डालकर वैक्सीन लेंगे। जैसे किसान आंदोलन में भ्रम पैदा किया, वैसे ही वैक्सीन लेने में भी भ्रम पैदा करेंगे। दुर्भाग्य है कि यह वैक्सीन पर सवाल पैदा कर रहे हैं, जबकि पूरी दुनिया यही वैक्सीन मांग रही है, डब्ल्यूएचओ इसकी सराहना कर रहा है। इन लोगों की आदत है सवाल पैदा करना, हमारे सैनिक बालाकोट में एयर स्ट्राइक करें उस पर भी सवाल, हम तेजस जैसा जहाज बनाते हैं उस पर भी सवाल।






श्री सिंह ने कहा उसके आत्मनिर्भरता, क्षमता और आत्मबल पर भी सवाल उठाते हैं, कभी यह नहीं हुआ कि इसकी सराहना करें। सेना पर सवाल करते हैं, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल करते हैं। यह देश का दुर्भाग्य है कि यहां का विपक्ष भारत का साथ देने के बदले कोई इमरान खान की भाषा बोल रहा है तो कोई चीन की भाषा बोलता है। देश के प्रधानमंत्री, प्रदेश के मुख्यमंत्री ने वैक्सीन लेकर संदेश दिया है, भारत फिर से विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है। गिरिराज सिंह ने कहा है कि ममता बनर्जी वोट के लिए कुछ भी कर सकती है। बंगाल चुनाव होने वाला है इसको लेकर ममता बनर्जी मोदी जी के डर से ममता बनर्जी मंदिर के पुजारियों को साथ जोड़ने की कोशिश और जय दुर्गा-जय काली कर रही है।

लेकिन ममता बनर्जी बांग्लादेशी घुसपैठियों के साथ भी खड़ा दिखती है, सिर्फ वोट की राजनीति करती है। ममता बनर्जी का काउंटडाउन शुरू हो चुका है, दो मई को सत्ता से जाना तय है। एक खास वर्ग के वोट के सहारे वह सत्ता की कुर्सी पर आना चाहती है, लेकिन, वहां के मतदाता इसे कभी स्वीकार नहीं करेंगे। राहुल गांधी द्वारा कॉरपोरेट को फायदा पहुंचाने के लिए टैक्स बढ़ाए जाने का सवाल उठाए जाने पर गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी को खुद पता नहीं है कि वह क्या बोलते हैं। कभी बोलते हैं कि देश में यह मंत्रालय नहीं है, वह मंत्रालय नहीं है, कभी राफेल पर सवाल उठाते हैं तो कभी कोर्ट में जाकर माफी मांगते हैं, वह कुछ नहीं करते सिर्फ भ्रम फैलाते हैं, जनता उनके झूठ तो समझ चुकी है। बेगूसराय में बढ़ते अपराध पर चिंता जताते उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन से बातचीत कर अपराध पर रोक लगाने का दबाव बनाएंगे।






बिहार :केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बेगूसराय में लिया कोरोना का टीका,कहा दुर्भाग्य है कि विपक्ष इमरान खान और चीन की बोल रहा है भाषा

error: Content is protected !!