अररिया /बिपुल विश्वास
सरकार एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि लाख दावे कर ले लेकिन जमीन पर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर क्या वस्तुस्थिति है यह देखकर आकलन लगाया जा सकता है कि अररिया जिला का फारबिसगंज प्रखंड क्षेत्र स्वास्थ्य सेवाओं की दृष्टिकोण से कितना पिछड़ा है।
फारबिसगंज प्रखंड क्षेत्र के कुशमाहा पंचायत में बने उप स्वास्थ्य केंद्र इस बात की गवाही देता है कि सरकारी राजस्व का एक और जहां सिर्फ और सिर्फ बंदरबांट किया जाता है वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों के लिए बने उप स्वास्थ्य केंद्र को शोभा की वस्तु बनाकर रख दी जा रही है। कुशमाहा पंचायत में बने उप स्वास्थ्य केंद्र की कहानी जनप्रतिनिधियों को आईना देखने के लिए मजबूर करती है।
कुशमाहा पंचायत के उप स्वास्थ्य केंद्र का फारबिसगंज निवासी राष्ट्रीय जनता दल के व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रधान महासचिव इंजीनियर आयुष अग्रवाल ने जायजा लिया व वस्तुस्थिति को देखने के उपरांत उन्होंने कहा की फारबिसगंज से चुने हुए विधायक के लिए चूंकि स्वास्थ्य व्यवस्था एक मुद्दा नहीं है जिसके कारण यहां के विभिन्न पंचायत के उप स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति इस कदर दयनीय है। उन्होंने विशेष रूप से बताते हुए कहा कि कुशमाहा पंचायत में 2007 में एक उप स्वास्थ्य केंद्र लगभग 668000 की राशि से बनकर तैयार हुआ जिसका उद्घाटन भी नहीं हो पाया।
वहीं दूसरी ओर लाखों की राशि से एक नया उप स्वास्थ्य केंद्र कुशमाहा पंचायत में ही निर्मित हो रहा है जिसे भी वर्षों हो गए ।लेकिन ग्रामीणों के लिए यह उप स्वास्थ्य केंद्र चालू नहीं हो पाया। मौके पर श्री अग्रवाल ने सुपरवाइजर आलोक कुमार से बात की तो पता चला कि बहुत दिनों से काम रुका हुआ है और अब पुनः काम चालू होगा उसके बाद जनता को उप स्वास्थ्य केंद्र समर्पित की जाएगी। इंजीनियर आयुष अग्रवाल ने कहा कि उप स्वास्थ्य केंद्र पंचायत स्तर पर ग्रामीणों के लिए अति महत्वपूर्ण है ।
लेकिन चुने हुए भाजपा विधायक को इस बात से दूर-दूर तक कोई वास्ता नहीं है। ग्रामीणों से बात करने के उपरांत पता चला की देर रात अगर किसी को स्वास्थ्य की दृष्टिकोण से कोई दिक्कत होती है तो रातों-रात भाग कर फारबिसगंज शहर आना पड़ता है। अगर उप स्वास्थ्य केंद्र चालू होता है तो ग्रामीणों के मुताबिक यह एक संजीवनी का काम पूरे पंचायत क्षेत्र के लिए करेगा। इंजीनियर आयुष अग्रवाल ने कहा कि इस तरीके से सरकारी राजस्व का नुकसान तो हो ही रहा है और साथ ही साथ सम्मानित जनता को भी उनके अधिकार से दूर रखा जा रहा है।
उन्होंने कहा की अररिया जिला का बिहार ही नहीं पूरे देश में पिछड़ा जिले में गिनती होती है और अगर वहां स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से इस तरीके की लापरवाही बरती जाएगी तो फिर जिला को अग्रणी श्रेणी में लाने में भी कई मशक्कतों का सामना करना पड़ेगा। श्री अग्रवाल ने कहा कि वह अभी फारबिसगंज प्रखंड क्षेत्र के सभी पंचायत के उप स्वास्थ्य केंद्र जा रहे हैं उसके उपरांत एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिला पदाधिकारी अररिया अनिल कुमार को भी वस्तुस्थिति से अवगत कराएंगे व किस तरीके से आम ग्रामीणों के लाभ के लिए उप स्वास्थ्य केंद्र चालू हो सके इसको लेकर भी प्रयास करेंगे। बताते चलें कि कुशमाहा पंचायत फारबिसगंज के वर्तमान विधायक विद्यासागर केशरी का पैतृक पंचायत भी है।