किशनगंज/ गलगलिया/दिलशाद
होली पर्व को लेकर शुक्रवार को गलगलिया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।आयोजित शांति समिति की बैठक में गलगलिया थानाध्यक्ष राहुल कुमार की अध्यक्षता में थाना क्षेत्र के पंचायत के सभी जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्तियों को संबोधित करते हुए होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाए जाने के लिए कई आवश्यक सुझाव व निर्देश दिया।
साथ ही उन्होंने शांतिपूर्ण वातावरण व भाईचारा के साथ मनाने को लेकर लोगों से विचार विमर्श किया। 24 मार्च को रात्रि में होलिका दहन का कार्यक्रम निश्चित है। 25 मार्च को होली मनाई जाएगी। बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने कहा कि होली रंगों का त्योहार है। यह आपसी सद्भाव और भाईचारे का भी प्रतीक है। वहीं दूसरी ओर मुस्लिम भाईयों का रमजान पर्व भी चल रहा है।
इसे सभी सौहार्द पूर्वक मनाएं। उन्होंने बैठक में मौजूद सभी लोगों से अपील किया कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान ना दें। पर्व के दौरान किसी तरह की कोई समस्या उत्पन्न हो या अन्य कोई अफवाह सुनने को मिले तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें। असामाजिक तत्वों के द्वारा समाज में तरह-तरह की अफवाहें फैलाई जाती है जिसके झांसे में लोग आ जाते हैं और गलत कार्य कर बैठते हैं जिस पर आप सभी लोग जागरूक रहें एवं अपने अपने आसपास भी लोगों को जागरूक करें।
होली पर्व की तैयारियों को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह चौकस है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस सभी संवेदनशील जगहों पर मुस्तैदी से मौजूद रहेगी एवं सभी छोटी बड़ी गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर बनी रहेगी। बैठक में मौजूद सभी लोगों ने थानाध्यक्ष के समक्ष अपनी अपनी बातें रखी।
वहीं इस मौके पर ठाकुरगंज अंचलाधिकारी सुश्री सुचिता कुमारी , ठाकुरगंज थाना के अपर थाना अध्यक्ष बैधनाथ रजक पोठिया अंचलाधिकारी सहित पूर्व मुखिया गणेश प्रसाद राय, गलगलिया पूर्व मुखिया बुधन पासवान, पूर्व उप सरपंच सुबोध सिंह ,मुरारी सहनी,अरुण सिंह , कमालुद्दीन , मो अनीश, अजीत राम ,के अलावा थाना के एएसआई विजय प्रताप यादव के साथ-साथ थाना के सभी चौकीदार दफादार और सिपाही मौजूद थे।