फारबिसगंज/ बिपुल विश्वास
बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने फारबिसगंज में कांग्रेस एवं महागठबंधन की सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पीएम बनने की ललक में हताशा का शिकार व्यक्ति बताया है। पूर्व डिप्टी सीएम स्थानीय विधायक जनसंपर्क कार्यालय पहुंचे थे जहां प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि गैर कांग्रेसी वाद का नारा लेकर जीवन भर राजनीति करने वाले नीतीश कुमार ने पीएम बनने की लालच में जनादेश को खंडित करने का काम किया है।
लेकिन उन की लालसा को विपक्ष समेत कई क्षेत्रीय पार्टी भी भाव नहीं दे रहे है। ऐसे में नीतीश कुमार पीएम बनने के लालच में हताश हो चुके हैं। उन्होंने नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि नीतीश कुमार एक ऐसे व्यक्ति हैं जो बैटिंग के दौरान अपने रनर को ही हमेशा आउट कराते है। भाजपा के बदौलत पिछले लोकसभा चुनाव में उन्हें 16 सीट प्राप्त हुई। लेकिन इस बार इनके हाथ में कुछ नहीं आने वाला है।
बिहार के 40 सीटों पर भाजपा गठबंधन की प्रत्याशी की जीत होने वाली है और महागठबंधन जीरो पर सिमटने वाला है। वहीं अदानी मामले में उन्होंने कहा कि कांग्रेस को देश की जनता और देश से अब कोई सरोकार नहीं रहा है। अदानी प्रकरण में कांग्रेस बेवजह संसद को बाधित करने का काम कर रही है। बजट के बाद कई मुद्दों पर चर्चा होनी है लेकिन कांग्रेस इसमें व्यवधान पैदा कर रही है।
इस दौरान पूर्व डिप्टी सीएम ने केंद्र के बजट में बिहार को मिलने वाले फायदे को भी गिनाया और बताया कि बजट में बिहार का पूरा ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय करो मे से बिहार को एक लाख 2 हजार 735 लाख करोड़ की राशि मिली है। यह राशि बिहार के सर्वांगीण विकास में काम करेगी। प्रोडक्शन बताया कि केंद्र से बिहार को 13 हजार करोड़ रुपये मिलेंगे। जिसकी मांग बिहार सरकार ने केंद्र से किया था।
इसके अलावा बिहार में रहने वाले निषाद समाज की आबादी के लिए 6 हजार करोड़ का एलान किया गया है। उन्होंने बताया कि देश भर में पांच सौ आकांक्षी जिलों की पहचान की गई है।जिसमें 61 प्रखंड बिहार के हैं। इन सभी प्रखंडों में देश के विकसित प्रखंडों की श्रेणी में खड़ा करने के लिए केंद्र सरकार लगातार प्रयासरत है। रेलवे में पूरे देश में बड़ी संख्या में अमृत भारत स्टेशन बनेंगे जिसमें 17 स्टेशन बिहार के शामिल है।
वही बिहार में महाराष्ट्र की तरह सरकार बदलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने बदौलत 2025 की चुनाव लड़ेगी और पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। इस मौके पर स्थानीय विधायक विद्यासागर केसरी, पूर्व विधायक देवयंती यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष सुराणा,पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज झा, विधायक प्रतिनिधि अविनाश कनोजिया अंशु, बिमल सिंह, रेणु मंडल अध्यक्ष विपिन मेहता, खवासपुर मंडल अध्यक्ष सुनील चौरसिया, बथनाहा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र झा, हरिपुर मंडल अध्यक्ष जितेंद साह, नगर अध्यक्ष रजत सिंह, जोगबनी नगर अध्यक्ष अरविंद साह, राजनंदन यादव, रेणु मंडल महामंत्री अवधेश विश्वास, प्रदीप कनोजिया, पप्पू जयसवाल, राजन तिवारी,नरेश मेहता, संजय केसरी, भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रेम केसरी, अभिषेक गौतम, गौरव चौधरी, समीर मिश्रा आदि मौजूद थे।