
कोचाधामन (किशनगंज) सरफराज आलम
डेरामारी स्थित आम आदमी पार्टी के जिला कार्यालय में शनिवार को पार्टी की जिला इकाई किशनगंज की ओर से स्थापना दिवस मनाया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं के द्वारा उत्साह पूर्वक केक काटकर पार्टी का11 वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिला प्रभारी सह पार्टी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अलीम उद्दीन अंसारी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को फूल माला पहनाकर सम्मानित किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन से निकली आम आदमी पार्टी की आज देश के दो राज्य दिल्ली और पंजाब में सरकार है।इसका श्रेय पार्टी के संयोजक मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को जाता है। कार्यकर्ताओं के बदौलत देश के हर राज्य में पार्टी की लोकप्रियता में इजाफा हो रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सरदार भगत सिंह और बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर के सपनों का भारत बनाने के लिए संघर्षरत है।
इस अवसर पर पार्टी के जिला प्रवक्ता शकील आलम ने कहा कि दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है और अपना हर वादे पर काम कर रही है। राष्ट्रीय संयोजक मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इमानदारी और वादे पर देश की जनता को पूर्ण विश्वास है। आगामी लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव में भी आम आदमी पार्टी बिहार में भी मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी।
इस मौके पर एक दर्जन से अधिक लोगों ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण किया। इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष कुमर सिंह, जिला प्रवक्ता शकील आलम, नौशाद आलम,मु मुश्तफा,मु अलीम,नूर आलम, नोमान आलम, शमीम आलम,अशहर आलम, उस्मान गनी,हरिमोहन पासवान,अनवर, कुमर सिंह,बिजली देवी,सोना देवी,असगरी बेगम,मीली देवी,उधो देवी,रेणुका कुमारी,लाडली बेगम समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।