किशनगंज /सागर चन्द्रा
पुलिस की लाख सतर्कता के बावजूद एकबार फिर से बाइक सवार बदमाशों ने तांडव मचाना शुरू कर दिया है। बदमाशों ने मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े गांधी चौक स्थित एसबीआई मुख्य शाखा से एक लाख रुपये निकासी कर घर वापस जा रहे सेवानिवृत्त हेड मास्टर से रुपयों भरा थैला छीन लिया और आराम से सुभाषपल्ली की दिशा में फरार हो गया। जबकि घटनास्थल से चंद दूरी पर ही पुलिस मुस्तैद थी। लेकिन उन्हें घटना की भनक तक नहीं लगी।
हालांकि पीड़ित के द्वारा शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे लोगों ने बदमाशों के भागने की दिशा में पीछा भी किया। लेकिन तबतक देर हो गई थी। बहरहाल पीड़ित की लिखित शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार पीड़ित सेवानिवृत्त हेडमास्टर 62 वर्षीय मोहसिन आलम शहर के इकबाल कॉलोनी वार्ड नंबर एक निवासी हैं। उनके घर में भवन निर्माण कार्य चल रहा था। मंगलवार दोपहर वे अपने घर से स्टेट बैंक मुख्य शाखा गांधी चौक पहुंचे थे। उनके पास एक थैला था। जिसमे बैंक के कागजात सहित आठ हजार नगद पूर्व से था। बैंक से एक लाख रुपए निकासी करने के बाद वे ई रिक्शा पर सवार होकर पश्चिम पाली पहुंचे। जहां सब्जी खरीदकर घर के लिए पैदल रवाना हो गए।
कुछ ही दूर जाने के बाद ही पल्सर बाइक सवार दो बदमाश ने पीड़ित के हाथ से रुपयों भरा थैला छीन लिया और उन्हें धक्का देकर गिरा दिया। पीड़ित बुजुर्ग जबतक कुछ समझ पाते तब तक बदमाश मौके से फरार हो गया था। वहीं पीड़ित ने बताया कि पहचान छिपाने के लिए एक बदमाश ने हेलमेट पहन रखा था। जबकि दूसरे ने मास्क लगा रखा था। उन्होंने कहा कि बदमाशों ने घटना को इतनी तेजी से अंजाम दिया कि वे बाइक का नंबर नहीं देख सके। जबकि टाउन थानाध्यक्ष अमर प्रसाद सिंह ने बताया कि पीड़ित के लिखित शिकायत के बाद मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर बदमाशों का सुराग ढ़ूंढा जा रहा है।