“आपका प्रशासन आपके द्वार” कार्यक्रम अंतर्गत जिलाधिकारी ने टेढ़ागाछ प्रखंड में किया जन संवाद,प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ की मैराथन बैठक
किशनगंज /प्रतिनिधि
जिला पदाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री के द्वारा “आपका प्रशासन आपके द्वार” कार्यक्रम का आयोजन टेढ़ागांछ प्रखंड में किया गया। प्रखंड स्तरीय सभी विभागीय पदाधिकारी और पंचायत जन प्रतिनिधि उपस्थित रहें।
जिलाधिकारी द्वारा टेढ़ागांछ प्रखंड के सभाकक्ष में संभावित बाढ़ ,आपदा के मद्देनजर प्रखंड के सभी मुखिया, प्रखंड प्रमुख एवं प्रखंड स्तरीय सभी विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक की गई। प्रायः जनप्रतिनिधियों ने बाढ़ निरोधात्मक कार्य त्वरित गति से कराए जाने की मांग उठाई।
बैठक में सर्वप्रथम जनप्रतिनिधियों एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के द्वारा परिचय दिया गया। उसके बाद बाढ़ आपदा की तैयारी हेतु आश्रय स्थल, नाव, प्लास्टिक, गोताखोर, एनडीआरएफ एवं कटाव स्थल पर निरोधात्मक कार्य पर चर्चा की गई। सभी जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया गया कि विशेष चौकसी रखेंगे ताकि आपदा पूर्व विशेष तैयारी किया जा सके तथा आपदा के जोखिम को न्यूनीकरण किया जा सके। मुख्य रूप से भौराहा,मटियारी,फुलवरिया, इंडो नेपाल सीमा के पास रामपुर,चिल्हानिया आदिवासी टोला में बाढ़ से बचाव हेतु कटाव निरोधात्मक कार्रवाई की मांग स्थानीय जन प्रतिनिधियों के द्वारा की गई।
इसके बाद डीएम के द्वारा सभी जनप्रतिनिधियों से उनके पंचायतों की समस्या एवं कार्य के दौरान उत्पन्न परेशानियों को सुना गया तथा निष्पादन हेतु सम्बन्धित विभाग के पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया। नल जल योजना अंतर्गत खनियाबाद,चिल्हानिया,बीबीगंज में जलापूर्ति ठीक ढंग से नहीं होने की शिकायत प्राप्त हुई।प्रायः यह शिकायत थी कि लगभग सभी पंचायत में नल जल योजना अंतर्गत पानी की आपूर्ति सुचारू रूप से नहीं हो रही है।जिलाधिकारी ने उपस्थित पीएचईडी के सहायक अभियंता को निर्देश दिया।
समीक्षा के क्रम में यह तथ्य उभर कर आया कि जलापूर्ति में बिजली की मुख्य समस्या लो वोल्टेज है।आवश्यकता अनुसार वोल्टेज नहीं मिल पाने के कारण मोटर संचालन में तकनीकी समस्या है। बिजली अभियंता ने बताया कि पलासी में सब स्टेशन निर्माणाधीन है,पूर्ण होने पर समस्या से निजात मिलने की संभावना है।
इसी प्रकार फुलवरिया मध्य विद्यालय की शिकायत पर उपस्थित प्रखंड शिकायत पदाधिकारी को जांच कर जांच प्रतिवेदन समर्पित करने हेतु डीएम ने निर्देशित किया। भौरहा में आंगनबाड़ी केंद्र की शिकायत पर सीडीपीओ को जांच हेतु निर्देश दिया गया। प्रखंड नाजीर के द्वारा बीपीडीपी योजना में रुचि नहीं लेने तथा असहयोगात्मक रवैया पर जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि बीडीओ सुनिश्चित कराएंगे कि या तो नाजीर काम करें अन्यथा अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव दें।
जिलाधिकारी “आपका प्रशासन आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत आम लोगों से जन संवाद कर उनकी समस्या को भी बारी-बारी से सुना गया तथा निष्पादन हेतु सम्बन्धित विभाग के पदाधिकारियों को निदेशित किया गया। जनता दरबार में मुख्य रूप से लोगों ने राशन कार्ड, भू-राजस्व, नल-जल योजना आदि से सम्बन्धित शिकायत की गई।
मालूम हो कि अपर समाहर्त्ता (राजस्व) के द्वारा राजस्व कार्य की समीक्षा बैठक अंचलाधिकारी और उप विकास आयुक्त,किशनगंज के द्वारा ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक बीडीओ के साथ करते हुए विभागीय निर्देश के आलोक में आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।इस बैठक में उप विकास आयुक्त किशनगंज, अपर समाहर्त्ता किशनगंज, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, सहायक निदेशक समाजिक सुरक्षा,प्रखंड विकास पदाधिकारी ,अंचलाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी,प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और सभी विभागों के कनीय अभियंता एवं प्रखंड स्तरीय सभी पदाधिकारी/ कर्मी उपस्थित रहे।