दो दिवसीय मुंडेश्वरी महोत्सव का हुआ समापन जिला प्रशासन ने कलाकारों को किया सम्मानित
कैमूर/भभुआ(ब्रजेश दुबे):
पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित दो दिवसीय मां मुंडेश्वरी महोत्सव में पहुंचे स्थानीय विधायक सह बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान ने कहा कि धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में सरकार धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास के लिए कई कार्य कर रही है।

मुंडेश्वरी धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। कैमूर का बेटा होने के नाते मेरी यह प्राथमिकता रहती है कि इस जिले मैं सरकार की योजनाओं का क्रियान्वयन बेहतर तरीके से हो। सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है।गौरतलब हो कि दो दिवसीय मां मुंडेश्वरी महोत्सव के दूसरे दिन भोजपुरी की मशहूर गायिका कल्पना पटवारी में अपने गीतों के जरिए कार्यक्रम में चार चांद लगाया। उन्होंने भोजपुरी के अलावा हिंदी फिल्मों के गीतों के भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। दो दिवसीय मुंडेश्वरी महोत्सव के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंड क्षेत्रों के लोग कार्यक्रम का आनंद लेने पहुंचे।

जिला प्रशासन की अनुमति पर कार्यक्रम निर्धारित समय के बाद भी करीब एक घंटे तक चला। जिसमें श्रोताओं ने खूब आनंद लिया। कार्यक्रम के अंत में गायिका कल्पना पटवारी को जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया गया। इसके अलावा कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले सभी कलाकारों को मंच पर सम्मानित किया गया। इस मौके पर विकास आयुक्त कुमार गौरव डीआरडीए डायरेक्टर अजय कुमार तिवारी वरीय उप समाहर्ता अमरेश कुमार अमर डीएसपी सुनीता कुमारी धार्मिक न्यास परिषद के सचिव अशोक सिंह समाजसेवी आलोक सिंह, भगवानपुर बी डी ओ, सीओ, थानाध्यक्ष सहित कई गणमान्य और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।