किशनगंज /सागर चन्द्रा
दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर दहेज लोलुप पति और ससुराल वालों के द्वारा महिला पर किरासन तेल उढ़ेल कर उसे जिंदा जला कर मार देने का मामला सामने आया है। गत 21 अप्रैल को घटित घटना के बाद कुछ स्थानीय छुटभैये नेताओं ने मामले को रफादफा करने का भरपूर प्रयास किया। लेकिन गत बुधवार को पीड़िता की मौत हो जाने से ससुराल वालों की कुकृत्य जगजाहिर हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही सुखानी थानाध्यक्ष विजय कुमार पासवान ने शव को अपने कब्जे में कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
गुरुवार को चिकित्सक की टीम के द्वारा पोस्टमार्टम किये जाने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। पौआखाली थाना क्षेत्र के बांसबाड़ी गांव निवासी मृतका के भाई गुल मोहम्मद के लिखित शिकायत पर सुखानी थाना में केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार गुल मोहम्मद ने बड़े अरमानों के साथ अपनी बहन कैयमा की शादी चार वर्ष पूर्व आमबाड़ी निवासी नुरसाद आलम के साथ की थी।
शादी के वक्त मायके वालों ने उसके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए हैसियत से अधिक दहेज भी दिया था। इसके बावजूद भी पति और ससुराल वाले और अधिक दहेज की मांग कर उसे शारिरिक और मानसिक रूप से लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। मामले को लेकर कई बार पंचायती भी की गई। लेकिन ससुराल वालों के व्यवहार में कोई परिवर्तन नहीं आया। गत 21 अप्रैल की रात जब कैयमा खातून खाना खाने के बाद अपने कमरे में सो रही थी तो पति और ससुराल वालों ने बिस्तर पर किरासन तेल उढ़ेल कर उसे जिंदा आग के हवाले कर दिया। वहीं सुखानी थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के भाई की लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी गई है। घटना के बाद से ही सभी आरोपी फरार हो गए हैं। लेकिन उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।




