हिंदुओं पर हमला, हिंदू जागरण मंच ने निकाली रैली
हिंदुओं पर हमला बर्दाश्त नहीं -विधायक
खोरीबाड़ी /चंदन मंडल
हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं द्वारा बांग्लादेश में मंदिर में हुई तोड़फोड़ और हिंसक घटनाओं के विरोध में रविवार को खोरीबाड़ी में एक विशाल रैली निकाली गयी। यह रैली खोरीबाड़ी से शुरू होकर पीडब्ल्यूडी मोड़ पहुंचने के बाद संपन्न हुई। इस दौरान हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेशी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान फ़ांसीदेवा-खोरीबाड़ी भाजपा विधायक दुर्गा मुर्मू ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बांग्लादेश में हिंदू भाई-बहनों के साथ जघन्यतम अत्याचार किए जा रहे हैं। हिंदुओं के मठ-मंदिर को तोड़ा जा रहा है। दुर्गा माता के पंडाल में पत्थरबाजी के साथ जमकर तोड़फोड़ की गई। हिंदुओं की हत्या की गई और हिंदू बहनों के साथ दरिंदगी की गई है।
यह कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में दुर्गा पूजा के दौरान दुर्गा पंडालों में दुर्गा मूर्तियां तोड़ी गई व हिंदुओं के पर अत्याचार किए जा रहे हैं। इसके साथ ही हिंदू बहू-बेटियों के साथ छेड़छाड़ तो अब वहां आम बात हो गई है। हिंदू देवी-देवताओं के मंदिर तोड़ने वालों और हिंदुओं की हत्या करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाने की जरूरत है।
इस मौके पर विधायक दुर्गा मुर्मू के अलावा गणेश चंद्र देवनाथ, सिलीगुड़ी सांगठनिक जिला के महासचिव मनोरंजन मंडल, खोरीबाड़ी-बुढागंज भाजपा मंडल अध्यक्ष कल्याण कुमार प्रसाद , उपाध्यक्ष अरुण दास , महासचिव शक्तिजय बारोई, महिला मोर्चा अध्यक्ष सुलाता सरकार, किसान मोर्चा अध्यक्ष प्रदीप बर्मन, रानीगंज-बिन्नाबाड़ी भाजपा मंडल अध्यक्ष भोलानाथ सिद्धा सहित सैकड़ों मौजूद थे।