Patna (Bihar) Coronavirus News | Coronavirus Patna Case District Wise Update | Patna Gaya Coronavirus Lockdown Relaxation | Bihar Siwan COVID-19 Latest News | 707 संक्रमितों में से 179 प्रवासी, 86 ट्रेनों से आएंगे 1.20 लाख लोग; दिल्ली से एम्बुलेंस में शव लेकर आए 5 लोगों को कोरोना, मुंबई से ट्रेन से लौटे 3 दोस्त भी पॉजिटिव

बेहतर न्यूज अनुभव के लिए एप डाउनलोड करें

  • ढाई लाख में बस रिजर्व कर सूरत से आए थे 58 श्रमिक, 5 संक्रमित मिले
  • दो प्राइवेट लैब को मिली जांच की अनुमति, सिंगल जांच की फीस तय नहीं

दैनिक भास्कर

May 11, 2020, 10:58 AM IST

पटना. लॉकडाउन फेज-3 का आज आठवां दिन है। बिहार में संक्रमितों की संख्या 707 हो गई है। इनमें से 179 संक्रमित ऐसे हैं जो लॉकडाउन फेज-3 में दूसरे राज्यों से बिहार लौटे हैं। सोमवार को कोरोना के 11 नए मरीज मिले। रविवार को 89 नए मरीज मिले थे, जिनमें से 86 ट्रेन से आए थे।  

दो प्राइवेट लैब को कोरोना जांच की अनुमति
दो प्राइवेट लैब में कोरोना की जांच होगी। पाथ काइंड डायग्नोस्टिक और डॉ. लाल पैथ लैब को जांच की अनुमति दी गई है। आईसीएमआर ने दो चरण में होने वाली जांच के लिए प्राइवेट संस्थानों के लिए अधिकतम फीस 4500 रुपए निर्धारित की है। लेकिन, सिंगल जांच के लिए प्राइवेट संस्थान कितनी फीस लेंगे इसका निर्धारण नहीं हुआ था। इस पर विचार करने के बाद राज्य सरकार ने प्राइवेट लैब में सिंगल जांच के लिए अधिकतम फीस 2500 रुपए तय की है।

अगले कुछ दिनों में 86 ट्रेनों से बिहार आएंगे 1.20 लाख लोग
अगले कुछ दिनों में 86 ट्रेनों से 120402 लोग वापस लाए जाएंगे। सोमवार को 20 ट्रेनों में 11 राज्यों से 23840 प्रवासी बिहार आ रहे हैं। मुंबई से अगले कुछ दिनों तक रोजाना 3 ट्रेन प्रवासियों को लेकर आएगी। अब तक 83 ट्रेनों से 102196 प्रवासी लौटे हैं। फिलहाल ब्लॉक स्तर पर बनाए गए 3472 क्वॉरेंटाइन सेंटर में 98814 प्रवासियों को रखा गया है। कोटा में बचे हुए छात्रों को बिहार वापस लाया जाएगा। सोमवार को 1200 लोगों को लेकर सीवान ट्रेन पहुंचेगी। 

नालंदा: ढाई लाख रुपए में बस बुक करके सूरत से आए थे 58 श्रमिक, इनमें 5 संक्रमित मिले
नालंदा में कोरोना संक्रमितों की संख्या 51 हो गई है। रविवार को 11 नए मरीज मिले। सभी रेड जोन राज्यों से आए प्रवासी श्रमिक हैं। नए पॉजिटिव केस में 5 अस्थावां, 5 चंडी और 1 करायपरसुराय प्रखंड के क्वारैंटाइन सेंटर में ठहरे प्रवासी हैं। अस्थावां में जिन 5 संक्रमितों की पहचान हुई है वे सभी सूरत से आए थे। सूरत से ढाई लाख में एक बस रिजर्व कर 58 लोग आए थे, जिसमें नालंदा के 12 और शेखपुरा के 46 श्रमिक थे। ये सभी सूरत के कपड़ा फैक्ट्री में काम करते थे। इन्हीं 12 लोगों में से 5 कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।

मुंगेर में स्वस्थ हुए मरीज को फूल देकर और ताली बजा कर घर भेजते स्वास्थ्यकर्मी।

मुंगेर: प्रवासी मजदूरों से बढ़ रहा कोरोना का संक्रमण
मुंगेर पहले ही कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित जिला था। अब प्रवासी मजदूरों में भी संक्रमण मिलने लगा है। जिले में संक्रमितों की संख्या 115 हो गई है। रविवार को मिले 11 नए मरीज प्रवासी मजदूर हैं। इनमें से 8 सदर प्रखंड के टीकारामपुर पंचायत के, 2 टीकारामपुर के पड़ोसी गांव जगदीश टोला के और 1 जमालपुर के रहने वाले हैं। सभी को फिलिप उच्च विद्यालय बरियारपुर में बनाए गए क्वारैंटाइन सेंटर में रखा गया था। 

किशनगंज: कोरोना के 8 मरीज मिले, सभी प्रवासी
किशनगंज में संक्रमितों की संख्या 9 हो गई है। आठ नए मरीज रविवार को मिले। इनमें 3 ठाकुरगंज, 2 कोचाधामन, 1 बहादुरगंज और 2 किशनगंज के हैं। इन सभी मरीजों का रैंडमली स्वाब सैंपल लेकर 7 मई को जांच के लिए भेजा गया था। ये लोग बक्सर, मालदा, जयपुर, केरल और गुजरात से आए थे।

यातायात बंद रहने के कारण सोशल डिस्टेंसिंग भूल 59 लोग राघोपुर से नाव पर सवार होकर भागलपुर आए।

भागलपुर: दिल्ली से एम्बुलेंस में शव लेकर आए के 8 में से 5 संक्रमित
भागलपुर में संक्रमितों की संख्या 23 हो गई है। दिल्ली, मुंबई और अन्य राज्यों से बस, ट्रेन और निजी वाहन से आ रहे लोग कोरोना लेकर आ रहे हैं। रविवार को नौ नए केस सामने आए। इनमें से पांच दिल्ली से व चार मुंबई से आए हैं। सबौर के एक ही परिवार के 8 लोग शव लेकर निजी एंबुलेंस से दिल्ली से भागलपुर आए। उनमें से पांच लोग संक्रमित मिले। मुंबई से स्पेशल ट्रेन से आए तीन दोस्त भी कोरोना पॉजिटिव निकले हैं।

Patna (Bihar) Coronavirus News | Coronavirus Patna Case District Wise Update | Patna Gaya Coronavirus Lockdown Relaxation | Bihar Siwan COVID-19 Latest News | 707 संक्रमितों में से 179 प्रवासी, 86 ट्रेनों से आएंगे 1.20 लाख लोग; दिल्ली से एम्बुलेंस में शव लेकर आए 5 लोगों को कोरोना, मुंबई से ट्रेन से लौटे 3 दोस्त भी पॉजिटिव