किशनगंज /प्रतिनिधि
जिला पदाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में महिला संवाद कार्यक्रम को लेकर मंगलवार को कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी के कार्यालय वेश्म में आयोजित कार्यशाला में, ग्रामीण विकास विभाग , बिहार सरकार के माध्यम से आगामी 17 अप्रैल से शुरू होने वाले महिला संवाद कार्यक्रम के उद्देश्य, कार्ययोजना, अब तक की तैयारी, रूप – रेखा, को लेकर विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई।
किशनगंज जिला प्रशासन के अधिकारियों सहित, जीविका किशनगंज टीम के प्रबंधकों ने इस कार्यशाला में भाग लिया। महिला संवाद कार्यक्रम के उद्देश्य और सफलता के मद्देनजर इस कार्यशाला का आयोजन किया गया था। कार्यशाला में महिला संवाद के विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी लेते हुए , जिला पदाधिकारी ने कार्यक्रम की तैयारी को लेकर सभी तरह के जरूरी निदेश दिए।
जिला पदाधिकारी ने महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि महिला सशक्तिकरण राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में है। ऐसे में सरकार द्वारा क्रियान्वित योजनाओं को और प्रभावी बनाने एवं समुदाय की अपेक्षाओं के अनुरूप समाधान हेतु महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है। उन्होंने किशनगंज जिला के सभी 1262 ग्राम संगठन में आयोजित होने वाले महिला संवाद कार्यक्रम की रूप – रेखा पर विस्तार से बात कर जरूरी निदेश दिए।
महिला संवाद आयोजन स्थल पर सरकार की योजनाओं की जानकारी हेतु प्रस्तावित जागरूकता रथ, प्रसार सामग्री, एवं महिला संवाद में उपस्थिति हेतु महिलाओं की भागीदारी को लेकर सभी तरह की तैयारी की सूक्ष्म जानकारी प्राप्त कर मानक अनुसार कार्य हेतु निदेश दिए गए । कार्यशाला में जागरूकता रथ के माध्यम से ऑडियो – वीडियो प्रचार सामग्री, लीफलेट के साथ-साथ सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दिए जाने के विभिन्न माध्यमों की विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यशाला में कार्यक्रम के पहले पूर्व की तैयारी को लेकर योजनाबद्ध तरीके से काम करने पर विशेष बल दिया गया। जिला पदाधिकारी ने संवाद स्थल पर महिलाओं की भागीदारी, उनसे संवाद, उनकी आकांक्षाओं को लेकर विशेष तैयारी और सजगता को लेकर कार्यशाला में विस्तार से चर्चा की . कार्य योजना पर उन्होंने विस्तार से जानकारी प्राप्त की . महिला संवाद कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर समितियों से जुड़े पदाधिकारी के कार्य – दायित्व और अनुश्रवण से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई . इन समितियों के माध्यम से किये जा रहे कार्यों की प्रगति के बारे में भी जानकारी ली गई .
महिला संवाद कार्यक्रम में सरकार की योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं के द्वारा अनुभव साझा किए जाएंगे, उनके परामर्श और सुझाव भी लिए जाएंगे . विभिन्न योजनाओं पर उनकी आकांक्षाओं को भी दर्ज किया जाएगा. इसके लिए जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर समितियां गठित की गई हैं . जिला पदाधिकारी ने महिला संवाद कार्यशाला में कार्यक्रम की सफलता हेतु आवश्यक दिशा – निदेश दिए।
महिला संवाद कार्यक्रम की कार्यशाला में डीडीसी स्पर्श गुप्ता, पशुपालन पदाधिकारी, कृषि पदाधिकारी एवं अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी/ कर्मी उपस्थित थे।