किशनगंज/प्रतिनिधि
किशनगंज रेलवे स्टेशन पर रील बनाने की होड़ में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रेल पुलिस की सतर्कता से पांच लड़कियों की जान जाते जाते बच गई। शनिवार सुबह सभी लड़कियां सोशल मीडिया में मशहूर होने के लिए रील बनाने के उद्येश्य से किशनगंज रेलवेस्टेशन पहुंची थी।
प्लेटफार्म नंबर एक पर रील बनाने के दौरान कैपिटल एक्सप्रेस की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई। मौके पर मौजूद रेल पुलिस की महिला कांस्टेबल ने अपनी जान पर खेल कर लड़कियों को ट्रेन की चपेट में आने से बचा लिया। इसके बाद लड़कियों को सुरक्षित रेल थाना लाया गया।
जहां उनके कृत्य पर उन्हें जमकर फटकार लगाई गई और कड़ी नसीहत देकर उन्हें छोड़ दिया गया। घटना के बाद ऐहतियातन स्टेशन परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रेल पुलिस यात्रियों से रेल परिसर में वीडियो या रील बनाने से बचने की अपील करती नजर आई।