अररिया:जमीनी विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर हमला,महिला पुलिस कर्मी को लगा तीर,चार गिरफ्तार

बेहतर न्यूज अनुभव के लिए एप डाउनलोड करें

अररिया /अरुण कुमार

अररिया जिले के जोकीहाट प्रखंड क्षेत्र के महलगांव थाना क्षेत्र में जमीन पर अवैध कब्जा हटाने गयी पुलिस टीम पर तीर व लाठी से हमला कर दिया गया। जिसमें दो पुलिस अधिकारी घायल हो गए। जिसमें एक महिला सब इंस्पेक्टर को आंख के करीब चेहरे पर तीर लगी है। घायल पुलिस अधिकारियों को इलाज के लिए पूर्णिया भेज गया है। वहीं घटनास्थल पर पुलिस की टीम कैंप कर रही है। घटना को लेकर मिली जानकारी अनुसार महलगांव थाना क्षेत्र के बागनगर पंचायत पोखरिया गांव में करीब अठारह एकड़ जमीन पर अवैध कब्जा मामले में पुलिस कार्रवाई करने गयी थी। इस अवैध कब्जा को हटाने जब पुलिसकर्मी पहुंचे तो लोग आक्रोशित हो गये।

उक्त जमीन पर महादलित समुदाय के लोग आकर बसे हैं। उनके अंदर पुलिस कार्रवाई से नाराजगी हुई और वो हमलावर हो गए। पुलिसकर्मियों पर उन्होंने हमला बोल दिया, जिससे मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों के बीच भी अफरा-तफरी मच गयी। पुलिस पर उक्त लोगों ने तीर व लाठी से हमला कर दिया, इस हमले में जोकीहाट थाना में पदस्थापित दो पुलिस अधिकारी घायल हो गये।

मिली जानकारी के अनुसार सब इंस्पेक्टर नुसरत जहां के चेहरे पर तीर जा लगा,आंख के नीचे तीर लगने की बात सामने आयी है। वहीं सअनि वीरेंद्र कुमार नट भी इस हमले में घायल हैं। दोनों को इलाज के लिए पूर्णिया भेज दिया गया। पूर्णिया के मैक्स अस्पताल में दोनों को भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही है।

वहीं मामले को लेकर जानकारी देते अररिया एसपी कार्यालय से प्रेस रिलीज जारी कर बताया गया कि महलगांव थाना क्षेत्र अन्तर्गत पोखरिया गांव में सोमवार सुबह 3 बजे दो पक्षों में जमीनी विवाद से संबंधित समस्या उत्पन्न हुई। जिसमें एक पक्ष की ओर से लगभग दो सौ लोगों के द्वारा सबंधित भू-स्थल पर बांस लगाने का कार्य किया जाने लगा। जिससे विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने लगी। विधि व्यवस्था के संधारण हेतु जब महलगांव थानाध्यक्ष व पुलिस बल उक्त स्थल पर पहुंचे, तब भीड़ में शामिल असामाजिक तत्वों द्वारा उग्र होकर पुलिस बल पर हमला कर दिया गया। इसमें एक पुलिस पदाधिकारी घायल हो गईं। जिनको इलाज के लिए मैक्स अस्तपाल पूर्णियां में भर्ती कराया गया है।

वर्तमान में उक्त स्थल पर विधि व्यवस्था संधारण को लेकर दंडाधिकारियों व पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति पर्याप्त संख्या में की गई है। उक्त स्थल पर अभी स्थिति सामान्य है। घटना के संबंध में पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर अभी तक चार लोगो को गिरफ्तार किया गया है ।पुलिस मामले में अग्रतर कारवाई में जुटी हुई हैं।

अररिया:जमीनी विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर हमला,महिला पुलिस कर्मी को लगा तीर,चार गिरफ्तार