दुर्गापूजा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न, प्रतिमाओं का किया गया विसर्जन

बेहतर न्यूज अनुभव के लिए एप डाउनलोड करें

टेढ़ागाछ(किशनगंज)विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र में बुधवार को शांतिपूर्ण माहौल में दशहरा का त्यौहार संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने गाजेबाजे के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया। क्षेत्र के लोगों ने शांति एवं सद्भावना के साथ उत्सव के रूप में दशहरा पर्व को सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक यह पावन पर्व दशहरा लोगों के जीवन में सुख समृद्धि व शांति लेकर आता है।

विजयादशमी के शुभ अवसर पर फुलवरिया, धवेली, सुहिया, बीबीगंज, बैरिया, खनियाबाद, बेणुगढ़, मटियारी आदि दुर्गा मंदिर व पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़। श्रद्धालुओं ने माता से आपसी भाईचारा, सुख शांति और समृद्धि की मंगल कामना के साथ-साथ माता रानी का विदाई विनम्र भाव के साथ किया। गगनचुंबी माता रानी के जयकारे, शंख के शंखनाद, घड़ी घंट के मधुर धुन एवं ढोल-ढ़ाक की आवाज से गुंजायमान पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में मानो लीन हो चुका था। भक्तों ने माथे पर माता रानी की चुनरी बांध उनके गीत संगीत, मंत्रोच्चारण के बीच लोकलुभावन नृत्य प्रस्तुत किया।

माता रानी का पंडाल पुष्पों की माला, बिजली की रंग बिरंगी लाइटों की सजावटों के बीच भक्तों के नए-नए परिधान से सुशोभित हो रहा था। भक्त एक दूसरे को विजयादशमी की शुभकामनाएं दे रहे थे। इस बीच भीड़-भाड़ को देखते हुए प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों, पूजा-पंडालों में मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस के जवान दल बल के साथ तैनात थे। बीडीओ गन्नौर पासवान, राजस्व अधिकारी नजरुल, थानाध्यक्ष नीरज कुमार निराला, कृषि पदाधिकारी उदय शंकर एवं कार्यक्रम पदाधिकारी प्रियरंजन सुजीत ने समय-समय पर विभिन्न पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए। मूर्ति विसर्जन के लिए घाटों पर गोताखोर आदि के पुख्ता प्रबंध किए गए थे, जिससे कोई अप्रिय घटना घटित नहीं हो। इसके लिए प्रशासन भी मुस्तैद दिखी।

दुर्गापूजा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न, प्रतिमाओं का किया गया विसर्जन

error: Content is protected !!