किशनगंज /सागर चन्द्रा
एक नाबालिग लड़की से जबरण देहव्यापार का धंधा कराने की सूचना के बाद पुलिस ने खगड़ा रेड लाइट एरिया में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने एक चकलाघर संचालिका को गिरफ्तार कर लिया। जबकि संदेह के आधार पर दो युवक को हिरासत में ले लिया। रविवार दोपहर की गई कार्रवाई के बाद पुलिस सभी आरोपियों को थाना ले आई। जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार खगड़ा रेडलाइट एरिया स्थित एक चकलाघर में जबरन नाबालिग लड़की से देहव्यापार का धंधा कराया जा रहा था। जिससे तंग आकर शनिवार रात पीड़िता चुपके से चकलाघर संचालिका के चंगुल से फरार हो गई। घटना के बाद उसने निकट स्थित पासवान टोला में शरण ले लिया। जबकि स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता को अपने कब्जे में ले लिया।
पूछताछ के दौरान पीड़िता से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने रविवार को खगड़ा स्थित रेडलाइट एरिया में छापेमारी कर चकलाघर संचालिका को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पुलिस ने जांच पूरी होने तक इस संबंध में कुछ भी कहने से साफ इंकार कर दिया है।