संवाददाता/ किशनगंज
किशनगंज में कलयुगी पति द्वारा तीन लाख रुपये नहीं देने पर पति द्वारा अपनी पत्नी को जबरन देहव्यापार के धंधे में ढ़केलने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। मांग पूरी नहीं होने के बाद आरोपी पति ने दूसरी शादी कर महिला को घर से निकाल दिया। परेशान महिला न्याय की गुहार लगाने महिला थाने पहुंच गई। जहां पीड़िता के लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस को दिये आवेदन के अनुसार पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के रतवा निवासी पिंकी बेगम की शादी ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के जालमिलिक गांव निवासी मो. उमर के साथ हुई थी। लेकिन शादी के बाद से ही पति और ससुराल वाले उसपर दहेज स्वरूप तीन लाख रुपये मांगकर लाने का दबाव बनाने लगे थे। छह माह पूर्व पति उसे अपने साथ पंजाब ले गया और वहां ले जाकर जबरन देह व्यापार करने का दबाव बनाने लगा। पीड़िता के इंकार करने पर पति उसे प्रताड़ित करने लगा। मांग पूरी नहीं होने पर गत 15 मई को पति उसे अपने घर जालमिलिक लाया। पति और ससुराल वाले पिंकी और उसके बेटे की हत्या करना चाहते थे।
लेकिन ऐनवक्त पर पिंकी के मायके वाले पहुंच गए और दोनों की जान बच गई। पीड़िता के परिजन पिंकी और उसके बेटे को मायके ले गये। जहां फिलहाल वह रह रही है। लेकिन विगत दिनों पति उमर ने दुसरी शादी कर ली।
वहीं महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि पीड़िता की लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अग्रतर कार्रवाई में जुट गई है।