टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के चिल्हनिया पंचायत स्थित सुहिया गांव के निकट रेतुआ नदी पर चल रहे कटावरोधी कार्य का शुक्रवार को प्रखंड प्रमुख उजाला परवीन ने निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य स्थल पर पहुंच कर योजनागत प्रक्रिया की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जब यह पाया गया कि कार्यस्थल पर योजना से संबंधित कोई बोर्ड नहीं लगाया गया है, जिसपर प्रखंड प्रमुख ने गहरी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकारी कार्य के आरंभ से पहले स्थल पर प्राक्कलन राशि का बोर्ड लगना अनिवार्य होता है, जिससे पारदर्शिता बनी रहती है।
लेकिन संवेदक द्वारा इस नियम की अनदेखी की जा रही है।प्रखंड प्रमुख उजाला परवीन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जल्द से जल्द कार्यस्थल पर योजना से संबंधित बोर्ड लगाया जाए और कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जनहित के कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गांववासियों अनिरुद्ध प्रसाद साह, मनोज यादव, बालेश्वर यादव, मुकेश कुमार साह, वीरेंद्र प्रसाद यादव, अरविंद कुमार यादव, सत्यनारायण पासवान, खलील अंसारी, बीरबल आलम, अतीक अंसारी, बबलू आलम, मंसूर आलम, लक्ष्मण शर्मा, महेंद्र प्रसाद शर्मा, धर्मदास शर्मा, शंकर मांझी ने भी कटावरोधी कार्य की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि रेतुआ नदी की धार में तेजी से हो रहे कटाव से गांव पर संकट मंडरा रहा है। ऐसे में पारदर्शिता और समयबद्धता से कार्य का निष्पादन बेहद आवश्यक है।