टेढ़ागाछ (किशनगंज)विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र में महाशिवरात्रि की तैयारी को लेकर प्रखंड क्षेत्र के सभी शिवालयों को रंग रोगन किया गया है।सुहिया हॉट,काशलता, फाराबाड़ी,बैगना, खनियाबाद, बीबीगंज, सीशागाछी धवेली, सुहिया, काला पहाड़ फुलबड़िया हाट आदि शिवालयों में श्रद्धालुओं द्वारा जलाभिषेक के अलावा विशाल मेला का आयोजन किया जाएगा। शिव भक्त इस तैयारी में एक सप्ताह से लगे हुए हैं। महाशिवरात्रि के अवसर पर बेणुगढ़, फाराबाड़ी, लाशलता, भोजपुर, जरियाभीठा, रहमतपुर, सखुआबाड़ी सहित विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालु विभिन्न नदियों से पवित्र जल भर कर बाबा भोलेनाथ व माता पार्वती को जलाभिषेक करेंगे।
दो दिवसीय मेले का भी आयोजन होगा।
पड़ोसी देश नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र में कई शिवालय श्रद्धालुओं के आस्था का केंद्र है। सभी शिवालय सजधज कर लगभग तैयार है। टेढ़ागाछ शिवालय के पुरोहित पंडित गोपीनाथ झा बताते हैं कि महिमामयी बाबा भोलेनाथ का महाशिवरात्रि व्रत विशेष फलदायी है। पूजा व व्रत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधान से की जानी चाहिए।
अराध्य शिव का अर्थ होता है कल्याण। वे सत्य और सुंदरता से युक्त हैं। जब शिव, सत्य व सुंदरता का मनुष्य जीवात्मा से मिलन होता है, चारों ओर कल्याणकारी रूपी मानवता अंकुरित होती है। तब संसार सुंदर जीवन सुखमय व आनंदित हो जाता है।